सिम्स में MBBS प्रवेश काउंसलिंग 20 अगस्त से, 150 सीटों पर होगी प्रवेश प्रक्रिया
बिलासपुर, 19 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए MBBS प्रवेश की काउंसलिंग प्रक्रिया 20 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगी। इस वर्ष संस्थान में MBBS की कुल 150 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें 22 सीटें ऑल इंडिया कोटा, 124 सीटें राज्य कोटा तथा 04 सीटें सेंट्रल पूल के लिए निर्धारित हैं।
ऑल इंडिया कोटा की काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC), नई दिल्ली द्वारा तथा राज्य कोटे की काउंसलिंग छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट ऑफ मेडिकल एजुकेशन (CGDME), रायपुर द्वारा निर्धारित नियमों एवं कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी। अभ्यर्थियों को पंजीयन, च्वाइस फिलिंग, सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन, शुल्क भुगतान एवं प्रवेश/ज्वाइनिंग की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करनी होगी।
ऑल इंडिया कोटा में सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को उपलब्ध विकल्पों के अनुसार Freeze अथवा Float विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा। Freeze का चयन करने पर आवंटित सीट स्वीकार करनी होगी और आगे अपग्रेडेशन का विकल्प नहीं रहेगा। वहीं Float विकल्प चुनने पर अभ्यर्थी निर्धारित नियमों के अनुसार आगामी राउंड में बेहतर सीट के लिए अपग्रेडेशन की संभावना बनाए रख सकेगा। अंतिम अथवा स्ट्रे वैकेंसी राउंड में सीट आवंटित होने पर अभ्यर्थी को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित संस्थान में प्रवेश लेकर ज्वाइन करना होगा।
काउंसलिंग की तैयारियों का निरीक्षण
MBBS प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सिम्स में काउंसलिंग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने काउंसलिंग हॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि MBBS प्रवेश प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए उनके करियर की महत्वपूर्ण शुरुआत है। इसलिए काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी एवं अभिभावक आधिकारिक सूचना के आधार पर ही आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रिया पूरी करें तथा किसी भी भ्रामक जानकारी से बचें।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पूरी प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सारिणी और संबंधित प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराया जाएगा।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
काउंसलिंग की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान सिम्स नोडल अधिकारी एवं मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. भूपेंद्र कश्यप, प्रवेश प्रक्रिया नोडल अधिकारी डॉ. सागरिका प्रधान, डॉ. सचिन पाण्डेय, डॉ. कमलजीत बासन, डॉ. के.सी. नाथानी, संकर्षण गुप्ता, विश्वामित्र कश्यप एवं पुष्पराज पोर्ते उपस्थित रहे।
सिम्स प्रबंधन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए MCC एवं CGDME द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का ही अनुसरण करें और निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।

No comments:
Post a Comment