होलीक्रॉस स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता SPRINOVA 2027 का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा और टीम भावना का किया प्रदर्शन
बिलासपुर के लालखदान स्थित होलीक्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता SPRINOVA 2027 का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। इस आयोजन को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। 21 नवंबर को प्रस्तावित यह वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता कुछ कारणों से स्थगित होने के बाद 27 नवंबर को आयोजित की गई, जिसमें स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा, शारीरिक क्षमता,
अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। खेल मैदान में विद्यार्थियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा का जज्बा देखते ही बना। प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खेलों में जीत और हार तक सीमित नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक एवं मानसिक मजबूती, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना भी रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए बच्चों को खेल गतिविधियों में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में अभिभावकों की भी मौजूदगी रही। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में अपने प्रदर्शन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। स्कूल प्रबंधन ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों, उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन का कहना रहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामूहिक भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








